पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में एक युवक को पिस्टल के साथ ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। केरकी खुर्द गांव के टोला बरहमनवा निवासी उपेंद्र लोहरा ने लेबर ठेकेदार नागेंद्र उरांव से मजदूरी के लिए एडवांस पैसे लिए थे। उपेन्द्र न तो काम पर गया और न ही फोन उठा रहा था। रविवार को नागेंद्र अपने दोस्तों के साथ उपेंद्र के घर पहुंचा। जब उससे पैसे वापस करने को कहा गया तो वह घर से देसी पिस्टल लेकर आ गया। उपेंद्र ने पिस्टल लहराते हुए धमकी दी और वहां से गुजर रही महिलाओं के साथ अश्लील व्यवहार किया। बलात्कार के एक मामले में जेल जा चुका है आरोपी गांव के शिवनाथ सुरीला और कुछ अन्य युवकों ने सूझबूझ दिखाते हुए उपेंद्र को पकड़ लिया और उसके हाथ से पिस्टल छीन ली। नागेंद्र के अनुसार, उपेंद्र आपराधिक प्रवृत्ति का है और पहले बलात्कार के एक मामले में जेल जा चुका है। ग्रामीणों ने उपेंद्र को पिस्टल समेत छतरपुर पुलिस को सौंप दिया।


