गिरिडीह जिले में सोमवार को दो अलग-अलग घटनाओं में तिसरी के दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना में तिसरी के पेसरा टांड़ जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। दूसरी घटना में एक व्यक्ति की सड़क हादसे में जान चली गई। पेसरा टांड़ जंगल में महेंद्र सिंह के पुत्र अरुण सिंह का शव सखुआ पेड़ की डाली से रस्सी के सहारे लटका मिला। परिजनों ने पुलिस के आने से पहले ही शव को उतार लिया। बाद में तिसरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। मानसिक रूप से कमजोर था मृतक के पिता महेंद्र सिंह ने बताया कि अरुण रविवार की शाम को खाना खाकर घर से निकला था। वह रात 8 बजे घर लौटा और कपड़े बदलकर फिर चला गया। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। रातभर खोजबीन के बाद सुबह उसका शव जंगल में मिला। उन्होंने बताया कि अरुण अविवाहित था और मानसिक रूप से कमजोर था। वह नशा भी करता था। चेहरे के दाहिनी तरफ चोट के निशान मृतक के शरीर पर कई चोट के निशान मिले हैं। दाहिने हाथ और चेहरे के दाहिनी तरफ चोट के निशान थे। गर्दन में रस्सी का निशान भी था। घटनास्थल से एक मोटी और लंबी रस्सी बरामद हुई है। एसआई नंद राय ने बताया कि शव और रस्सी को जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है। बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई इधर, दूसरी घटना पचंबा थाना क्षेत्र के राजपुरा में घटित हुई है। तिसरी के भंडारी गांव निवासी प्रकाश तुरी पिता सोमर तुरी अपने दो पहिए वाहन से दवा लेने गिरिडीह आ रहा था। इसी बीच अचानक वह अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों एवं राहगीरों ने इसकी जानकारी पचंबा थाना पुलिस को दिया, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।


