भास्कर न्यूज|झुमरी तिलैया झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निर्देश पर जिले के सभी सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा एक से दसवीं तक के बच्चों के लिए 13 से 16 मई तक चार दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर लगेगा। । इसमें बच्चे खेलों के माध्यम से जीवन कौशल सीखेंगे। विद्यार्थियों को दो समूहों में बांटा गया है। पहली से पांचवीं तक के बच्चे समूह-ए में और छठी से दसवीं तक के बच्चे समूह-बी में शामिल किए गए हैं। हर दिन तीन घंटे की गतिविधियों के जरिए बच्चों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास, शारीरिक क्षमता और संतुलन को निखारा जाएगा। शिविर में खेल पासपोर्ट, स्वदेशी खेल, रचनात्मक नृत्य, चित्रकला, क्राफ्ट, समस्या समाधान, टीमवर्क और आत्म -अभिव्यक्ति जैसी गतिविधियां कराई जाएंगी। इनसे बच्चों में सीखने की रुचि और सहभागिता की भावना बढ़ेगी। पहले दिन जुंबा डांस, मास ड्रिल, खेल पासपोर्ट बनाना और पारंपरिक खेल होंगे। दूसरे दिन बच्चे खुद का खेल बनाएंगे। वे मिट्टी, लकड़ी और कागज जैसी चीजों से खेल सामग्री तैयार करेंगे और नियम तय करेंगे। तीसरे दिन चलनों को जोड़कर नृत्य की प्रस्तुति, खेल प्रेरित चित्रकला और ‘स्व-खोज’ गतिविधि कराई जाएगी। चौथे दिन ‘खेल मेला उत्सव’ के साथ शिविर का समापन होगा। बच्चे खुद का प्रमाणपत्र तैयार करेंगे। शिविर की हर गतिविधि की तस्वीरें जीओ टैग के साथ पोर्टल पर अपलोड करनी होंगी। राज्य स्तर पर कार्यक्रम की निगरानी के लिए यह जरूरी किया गया है। राज्य स्तरीय कैरम प्रतियोगिता के लिए चयन को लेकर बैठक हुई। जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय में अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी हरी ओरांव की अध्यक्षता में यह बैठक हुई। प्रतियोगिता 16 और 17 मई को रांची में होगी। इसके लिए 14 मई को परियोजना +2 बालिका विद्यालय में अंडर-17 और अंडर-19 बालक -बालिकाओं की एकल और युगल प्रतियोगिता कराई जाएगी। प्रखंड स्तर से चुने गए 72 प्रतिभागियों में से सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन कर रांची भेजा जाएगा। बैठक में कार्यालय सहायक विक्रम परमार और विभिन्न स्कूलों के खेल शिक्षक मौजूद रहे। प्रतियोगिता के संचालन की जिम्मेदारी बसोदीह विद्यालय के शिक्षक अजीत कुमार को दी गई है। यह शिविर बच्चों के लिए मनोरंजन और मस्ती के साथ-साथ शारीरिक, मानसिक और रचनात्मक विकास का जरिया बनेगा। गर्मी की छुट्टियां उनके लिए यादगार बनेंगी। भास्कर न्यूज | चतरा सदर प्रखंड क्षेत्र के दारियातू पंचायत के कमता गांव में चल रहे सात दिवसीय श्रीश्री 1008 श्रीशिव पार्वती मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ हवन पूजन व भंडारे के साथ संपन्न हो गया। महायज्ञ के समापन पर आयोजित कार्यक्रम में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सत्यानन्द भोगता शामिल हुए। पूर्व मंत्री सत्यानंद भोगता ने नव निर्मित शिव मंदिर में पूजा अर्चना किया और भंडारे में शामिल हुए। यज्ञ के आयोजन के लिए उन्होंने यज्ञ समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। मौके पर राजद जिलाध्यक्ष नवल किशोर यादव, महायज्ञ समिति के सचिव बलकेश सिंह, कोषाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह, सुनील सिंह, अमरेश सिंह, धीरज सिंह, प्रकाश सिंह, विपिन सिंह, पिंटू सिंह, उपेंद्र सिंह, मुकेश, संदीप, छोटू, प्रभात, अनिल, नितेश, शैलेश, रणधीर सिंह आदि उपस्थित थे।


