भास्कर न्यूज|बगोदर बगोदर बाजार की हालत साफ-सफाई के मामले में बेहद खराब हो गई है। यहां सुंदरीकरण पर साढ़े 13 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। इसके बावजूद बाजार में गंदगी फैली है। पुराना जीटी रोड पर स्थित बगोदर थाना में गंदगी का अंबार लगा है। वाहन भी अव्यवस्थित तरीके से खड़े हैं। बदबू इतनी है कि वहां पर लोगों का खड़ा होना मुश्किल हो जा रहा है। पुरानी जीटी रोड को माहुरी से बगोदरडीह तक सुंदर बनाने का प्रस्ताव तत्कालीन विधायक विनोद सिंह ने दिया था। उनकी सहमति से योजना को मंजूरी मिली थी। सारा पैसा खर्च हो गया। इसके बाद भी सड़क फिर से गंदगी की चपेट में आ गई है। वहीं थाना गेट के पास 27 फरवरी को तोड़ी गई दुकानों का मलबा अब तक नहीं हटाया गया है। दो महीने बाद भी मलबा जस का तस पड़ा है। इससे साफ-सफाई की पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिनके कंधों पर सफाई की जिम्मेदारी है, वे ही लापरवाह बने हुए हैं।


