भास्कर न्यूज | अमृतसर भक्त मेहर चन्द हरिनाम संकीर्तन मंडल ने श्री दुर्ग्याणा कमेटी के तत्वावधान में श्री बड़ा हनुमान मंदिर में मां जानकी जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में बधाई उत्सव मनाया। उत्सव को ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को समर्पित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत श्री गणेश वंदना और श्री हनुमान चालीसा पाठ से हुई। इसके बाद सीमा पर तैनात जवानों की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से विजय मंत्र ‘श्री राम जय राम जय जय राम’ का संगीतमय जाप किया गया। इस दौरान केंद्र सरकार और सैन्य बलों को बधाई दी गई। परम रसिक नरसी भगत ने जैसे ही ‘जनक दुलारी के, जानकी प्यारी के, मन में बसे श्री राम’ भजन गाया, भक्तजन भावविभोर होकर झूम उठे। तनिष्क अरोड़ा ने ‘मुझे रास आ गया है, तेरे दर पे सर झुकाना’ भजन गाकर माहौल को और भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर ठाकुर जी का केसर चंदन से शृंगार किया गया। शृंगार की छटा देखते ही बन रही थी। पंकज अरोड़ा और नरेश राजू ने पद पदावलियों के माध्यम से मां जानकी के बधाई गीत गाए। सभी भक्तों को उपहार और बधाई दी गई। सीता राम जी को विभिन्न व्यंजनों का भोग लगाया गया। इसके बाद प्रसाद वितरित किया गया। समारोह में अनिल उप्पल, विनोद चावला, अजय बाजोरिया, शाम सुंदर, कश्मीरा सिंह, सुनील अरोड़ा, राजन, जतिन्दर कपूर, रणदीप अरोड़ा, नवीन कुमार बल्लू, मुनीष गोपी, देसराज शर्मा, विनोद सिंघल सहित कई भक्तजन शामिल हुए।


