एक दिन की राहत के बाद फिर रात 9 से 12 बजे तक ब्लैकआउट, स्कूल आज भी बंद

भास्कर न्यूज़ | अमृतसर एक दिन की राहत के बाद सोमवार रात 9 से 12 बजे फिर से ब्लैकआउट किया गया। अचानक जिला प्रशासन की ओर से रात करीब 8.45 बजे निर्देश जारी किया कि गया सायरन बजेगा और ब्लैकआउट हो जाएगा। कृपया अपनी लाइटें बंद कर दें और खिड़कियों से दूर चले जाएं। शांत रहें, जब हम बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए तैयार होंगे तो हम आपको सूचित करेंगे। बिलकुल मत घबराएं। यह अत्यधिक सावधानी बरतने के कारण है। बता दें कि पाकिस्तान की ओर से हो रहे हमलों के चलते बुधवार से ब्लैकआउट जारी था मगर रविवार को राहत रही। वहीं सोमवार को अचानक फिर 3 घंटे के लिए ब्लैकआउट रहा। हालांकि भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर से हालात कुछ सामान्य हुए हैं मगर स्कूल मंगलवार को भी बंद रहेंगे। 5 दिन बाद खुले श्री गुरु रामदास अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर चहल-पहल नहीं दिखी। हालांकि 12 मई की टिकट लेकर कुछ यात्री जरूर पहुंचे मगर उन्हें गेट पर ही रोक दिया गया और वापस भेजा गया। हालांकि इस दौरान सिर्फ एयरपोर्ट स्टाफ को ही अंदर जाने दिया गया। पठानकोट से सऊदी अरब जाने के लिए अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे अनिल कुमार ने बताया कि उसकी 12 मई की टिकट थी। उनकी 3 बजे की फ्लाइट थी। यहां कह रहे हैं कि कोई फ्लाइट नहीं जाएगी, अगर उनकी फ्लाइट कैंसिल हो गई है तो कोई नोटिफिकेशन तो देना चाहिए था। तीन घंटे सफर करके अमृतसर पहुंचा हूं। यहां सीआईएसएफ स्टाफ आगे ही नहीं जाने दे रहे हैं। उन्होंने एयरपोर्ट के मैनेजर से बात की है वह भी कुछ सही से बता नहीं रहे हैं। वह सुबह 9 बजे से आए हुए हैं। शाम के 4 बज चुके हैं लेकिन उन्हें कुछ भी बताया नहीं जा रहा। काफी लोगों को वापस भेजा गया है कोई दुबई जाने वाला था तो कोई आबूधाबी जाने वाला था। शायद उनकी टिकट चेंज करके देंगे। क्योंकि पहले भी उनकी 9 मई की टिकट थी। उसके बाद 12 तारीख की थी। -इनपुट/फोटो : अमनदीप भारत-पाक के बीच तनावपूर्ण स्थिति में शहर में पर्यटक नहीं आ रहे। वहीं आम दिनों में हेरिटेज स्ट्रीट में जहां भीड़ रहती थी वहां सोमवार को इक्का दुक्का लोग ही पहुंचे। यहां के दुकानदारों का कहना है कि ग्राहक न आने से दुकान का किराया भी निकलना मुश्किल हो गया है। -फोटो : कपूर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *