कांटाटोली स्थितअब्दुल हमीद चौक बरसों से सौंदर्यीकरण की राह देख रहा है। 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में दुश्मनों को धूल चटाने वाले वीर अब्दुल हमीद 10 सितंबर, 1965 युद्ध के दौरान शहीद हो गए थे। मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित अब्दुल हमीद की शहादत के आगे जहां पूरा भारत नतमस्तक है, वहीं कांटाटोली मेंं उनको समर्पित अब्दुल हमीद चौक की बदहाली पर सरकार बेखबर है। यहां के लोग उनको सम्मान देने के लिए 1965 के बाद से लगातार इस चौक पर परमवीर अब्दुल हमीद का शहादत दिवस मनाते आ रहे हैं। परमवीर अब्दुल हमीद स्मारक समिति के अध्यक्ष मुन्ना भाई और सचिव मोहम्द शहाबुद्दीन के अनुसार 1987 में परमवीर अब्दुल हमीद स्मारक समिति का गठन किया गया था। तब से लेकर आज तक इसी समिति के अंतर्गत प्रति वर्ष परमवीर अब्दुल हमीद की जयंती 1 जुलाई को और शहादत दिवस 10 सितंबर को मनाया जाता है। शहादत दिवस में कई बार ऐसे मौके आए हैं जिसमें परमवीर शहीद अब्दुल हमीद के परिवार से उनकी स्वर्गवासी प|ी रसूलन बीबी और बेटा तलत महमूद और पोता वसीम आते रहे हैं। इसके अलावा सेना के उच्च अधिकारी भी कांटा टोली स्थित स्मारक स्थल पर अपनी हाजिरी देते रहे हैं। अब्दुल हमीद स्मारक समिति अपने कार्यक्रम में सभी राजनीतिक पार्टियों के नेताओं को भी बुलाते रहे हैं। 2024 में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं राज्यसभा सांसद महुआ मांजी ने भी स्मारक स्थल का शिलान्यास किया। 40 वर्षों से सुंदरीकरण की बाट जोह रहा शहीद का स्मारक स्थल
करीब 40 वर्षों से समिति केवल आश्वासन ही सुनती आई है। अब तक किसी ने भी परमवीर अब्दुल हमीद स्मारक स्थल का जीर्णोद्धार एवं सुंदरीकरण करने की जिम्मेदारी नहीं ली है, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। समिति के अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड के करीब सारे कैबिनेट मंत्री एवं 1989 में आरआरडीए के अध्यक्ष रहे नज्म अंसारी भी आ चुके हैं। लेकिन सभी ने केवल आश्वासन ही दिया है। सेना ने निर्माण के लिए पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा को लिखा था आग्रह पत्र
सेना के उच्च अधिकारियों ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा एवं गवर्नर को भी लिखित आवेदन देकर स्मारक स्थल का जीर्णोद्धार करने का आग्रह किया था। पूर्व मेयर रमा खालको ने जब मेयर का पदभार संभाला था तब समिति के लोगों के आग्रह को स्वीकार करते हुए चौक के नामकरण को बोर्ड से पारित कर स्वीकृति प्रदान की थी। कांटा टोली फ्लाईओवर का नाम परमवीर अब्दुल हमीद पर रखने की मांग
समिति के प्रधान महासचिव अधिवक्ता अख्तर हुसैन ने कहा कि हमारी समिति परमवीर अब्दुल हमीद का सम्मान चाहती है। वर्तमान हेमंत सरकार को चाहिए कि परमवीर अब्दुल हमीद स्मारक स्थल को सुंदरता प्रदान करे एवं कांटा टोली फ्लाईओवर का नाम परमवीर अब्दुल हमीद के नाम पर करने की घोषणा करे।


