रांची में कांके रोड स्थित सीएम हाउस में नए सिरे से आधुनिक सुविधाओं वाले नए आवास के निर्माण का काम शुरू हो गया है। सोमवार को बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर सीएम हेमंत सोरेन और उनकी प|ी विधायक कल्पना सोरेन ने पूजा-अर्चना कर निर्माण की आधारशिला रखी। सीएम आवास और कार्यालय 22 एकड़ इलाके में स्थित है। भवन निर्माण विभाग ने मौजूदा इमारत को सुरक्षा और प्रशासनिक कामकाज की दृष्टि से अनुपयुक्त मानते हुए नया डिजाइन तैयार किया है। नए भवन के निर्माण होने तक वैकल्पिक तौर पर कांके रोड स्थित आवास नंबर-5 को अस्थाई रूप से मुख्यमंत्री कार्यालय के रूप में आवंटित किया गया है। भूकंपरोधी- सुरक्षा मानकों से युक्त होगा नया भवन सीएम कार्यालय और आवास का नया भवन भूकंपरोधी और आधुनिक सुरक्षा मानकों से युक्त होगा। इसमें कई लाउंज, विजिटर हॉल के अलावा एक अलग प्रेस रूम भी होगा। इसी परिसर में मुख्यमंत्री सचिवालय में सीएम के प्रधान सचिव से लेकर तमाम पदाधिकारियों के कार्यालय भी होंगे। सीएम आवास में मुख्यमंत्री से मिलने आने वाले विदेशी मेहमानों के लिए भी कक्ष बनेगा। इसी परिसर में सुरक्षाकर्मियों के लिए बैरक से लेकर आवासन तक की सुविधा होगी। सीएम के खास मेहमानों के ठहरने के लिए भी कमरे बनाए जाएंगे। झारखंड अलग राज्य बनने के पूर्व इस इमारत में रांची के आयुक्त का आवास था।


