जालंधर | बस्ती शेख स्थित गुरुद्वारा छठी पातशाही में रविवार को श्री गुरु अमरदास जी महाराज का प्रकाश पर्व मनाया गया। अमृत वेले से सजाए गए दीवान में हजूरी रागी जत्थों ने कीर्तन और कथा विचार से संगत को निहाल किया। श्री दरबार साहिब अमृतसर के हजूरी रागी भाई सुखवंतजीत सिंह के जत्थे ने भी कीर्तन कर हाजिरी लगवाई। गुरुद्वारा साहिब में चल रही सहज पाठ की लड़ी के तहत दो सहज पाठ के भोग डाले गए। पहले सहज पाठ मुख्य सेवादार गुरकृपाल सिंह व वरिंदरपाल सिंह की तरफ से सतगुरु का शुक्राना करते हुए और दूसरा सहज पाठ सेक्रेटरी इंदरपाल सिंह के परिवार द्वारा संपन्न किया गया। गुरुद्वारा साहिब में ग्रंथी सिंह द्वारा जनजन में शांति का संदेश देने के लिए परमात्मा के चरणों में अरदास की गई। गुरुद्वारा साहिब की ओर से कोर कमेटी के चेयरमैन हरजीत सिंह एडवोकेट, सीनियर उप प्रधान दविंदर सिंह रहेजा और अमरीक सिंह ने दोनों परिवारों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर इंदरपाल सिंह ने गुरु अमरदास जी के जीवन पर आधारित कविता संगत को सुनाई। बेअंत सिंह सरहदी और अस्पताल कमेटी के चेयरमैन सुरजीत सिंह चीमा ने संगत को प्रकाश पर्व की बधाई दी। स्टेज की सेवा गुरमीत सिंह और इंदरपाल सिंह ने निभाई। भोग के बाद संगत को गुरु का लंगर वितरित किया गया। बस्ती शेख स्थित गुरुद्वारा छठी पातशाही में कीर्तन करता जत्था। (मध्य) सहयोगियों को सम्मानित करते प्रबंधक। (दाएं) समागम में शामिल संगत। इस दौरान दूर-दूर से पहुंचे लोगों ने प्रवचनों से जीवन को निहाल किया।


