जादूगोड़ा | उर्दू मध्य विद्यालय हल्दीपोखर में लड़के-लड़कियों के लिए शौचालय का ऑनलाइन उद्घाटन हुआ। विद्यालय में करीब 600 बच्चे पढ़ते हैं। अब तक शौचालय नहीं होने से खासकर छात्राओं को परेशानी होती थी। प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन के सहयोग से टाटा ब्लू स्कोप ने 10 लाख रुपए की लागत से यह इज्जत घर बनवाया। उद्घाटन ऑनलाइन हुआ। इसमें जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू और अन्य अतिथि शामिल हुए। इज्जत घर आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसके निर्माण से बच्चों और अभिभावकों में खुशी है। उद्घाटन के समय पंचायत की मुखिया फरजाना सुल्तान, पूर्व मुखिया सैयद जबीउल्ला, उप मुखिया और शिक्षक मौजूद रहे। खड़गपुर | पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत केशियारी थाना के दूधेबुधे इलाके में संदिग्ध परिस्थिति में एक कॉलेज छात्रा की मौत हो गई। उसका शव फांसी के फंदे से लटकते हुए अवस्था में बरामद किया गया। स्थानीय व पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृत छात्रा का नाम स्वीटी दत्त (21 वर्ष )है। वह दूधेबुधे इलाके की निवासी थी। वह कोलकाता के स्काटिश चर्च कॉलेज में तृतीय वर्ष की छात्रा थी। परिजनों ने उसे कमरे में फंदे से लटकते हुए देखा था। उसे फंदे से उतारकर बेलदा सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल लेकर गए। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। समाचार लिखे जाने तक मौत का कारण मालूम ना हो सका। खड़गपुर | पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत गड़बेता थाना के गनगनी इलाके में शीलावती में डूबकर एक छात्र की मौत हो गई। स्थानीय व पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक का नाम आकाश प्रामाणिक (15 वर्ष )है। वह गड़बेता थाना के हल्दीनाला गांव का निवासी था। वह कक्षा नौवीं का छात्र था। वह शीलावती नदी में स्नान करने गया था। इस दौरान वह नदी में डूब गया। स्थानीय लोगों ने उसे नदी से बेहोशी की अवस्था में बरामद करके अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच कर रही है। खड़गपुर | पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मोहनपुर थाना के एक पुलिसकर्मी की सड़क पर गिरकर जख्मी हो गया। जख्मी अवस्था में पुलिसकर्मी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत पुलिसकर्मी शेख मोहम्मद शोएब (36 वर्ष ) बांकुड़ा जिले का निवासी था। वह मोहनपुर थाने में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत था। नाइट ड्यूटी के दौरान पेट्रोलिंग करने निकला था। इस दौरान उसकी तबियत अचानक बिगड़ गई और वह सड़क पर गिर गया। उसके सिर पर काफी चोट आयी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में चिकित्साधीन अवस्था में उसकी मौत हो गई।


