भास्कर न्यूज | पाटन पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदरी गांव में रविवार की रात पुलिस ने अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। गुप्त सूचना पर की गई इस छापेमारी में पुलिस को एक मकान के फर्श के नीचे छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में अंग्रेज़ी शराब िमली। पुलिस ने मौके से रायल गोल्ड कप ब्रांड की 50 पेटियों के साथ-साथ अन्य ब्रांड की शराब की बोतलों के ढक्कन, लेबल, रैपर और सैकड़ों खाली बोतलें जब्त की हैं। मुख्य अभियुक्त जीतेंद्र प्रसाद (33) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी लालजी ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई रात 11:35 बजे की गई। जब टीम ने जीतेंद्र प्रसाद के घर के एक कमरे में टाइल्स लगे ढक्कन हटाकर जांच की तो ज़मीन के नीचे बड़े स्तर पर अवैध शराब िमली। मौके से 50 पेटी अंग्रेजी शराब के बोतल जब्त की गई। पुलिस जांच कर रही है कि इसका तार कहां कहां से जुड़ा है।अभी और आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।


