भास्कर न्यूज | धालभूमगढ़ धालभूमगढ़ प्रखंड के कड़वाकाटा गांव में रविवार को खेरवार वंश धर्मपूथि के जनक माझी रामदास टुडू की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। उपस्थित लोगों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की। श्रद्धांजलि सभा में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्य सरकार के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने कहा कि माझी रामदास टुडू का निधन 12 मई 1951 को 96 वर्ष की आयु में उनके पैतृक आवास पर हुआ था। उनका अंतिम संस्कार भी गांव में ही पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया था। मंत्री ने कहा कि खेरवार वंश की धर्मपूथि परंपरा के अनुसार आज भी शादी-विवाह, सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। यह हमारी संस्कृति की पहचान है। उन्होंने कहा कि माझी रामदास टुडू द्वारा दिखाए गए मार्ग और परंपरा को आज भी गांववासी पालन करते हैं। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि जगदीश भगत, कालीपद गोराई, अर्जुन चंद्र हांसदा, विक्रम टुडू, अर्जुन मार्डी, वकील हेंब्रम, काजल डान, सुशील मार्डी, प्रकाश निषाद, राजा सिंह आदि थे।


