भास्कर न्यूज | रामानुजगंज ग्राम पुरुषोत्तमपुर में बीती रात हाथी के हमले में एक ग्रामीण की जान चली गई। घटना रात करीब 1 बजे की है। सुरेश सिंह पिता राम प्रसाद उम्र 48 साल अपने घर में सो रहा था। तभी पास के खेत में मक्के की फसल से आवाज आई। भैंस समझकर खेत की ओर रुख किया। भगाने की कोशिश की। तभी हाथी ने सूंड से उठाकर पटक दिया। सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और ग्रामीण 100 बिस्तर अस्पताल रामानुजगंज लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान सुबह 3 बजे उनकी मौत हो गई। वन विभाग ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। तात्कालिक सहायता के रूप में 25,000 की राशि दी गई। एसडीओ वन संतोष पांडेय ने कहा कि घटना से पहले नर हाथी को छतवा बीट में देखा गया था। इसके बाद आसपास के गांवों में मुनादी कराई गई थी। हाथी कन्हर नदी पार कर झारखंड चला गया था। बीती रात वही हाथी पुरुषोत्तमपुर पहुंचा और सुरेश सिंह उसके चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।


