भास्कर न्यूज |बैकुंठपुर/सोनहत कोरिया जिला मुख्यालय से 30 किमी और सोनहत ब्लॉक मुख्यालय से 8 किमी दूर परिहत गांव का घुनघुट्टा डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां पर्यटकों की सुविधा के लिए तीन ट्री-हाउस और एक सर्वसुविधायुक्त रेस्टोरेंट तैयार किया गया है। जल्द ही इन्हें पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। डैम के किनारे प्राकृतिक सुंदरता पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी। जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार इस परियोजना के लिए डीएम.फंड से 1 करोड़ 98 लाख 88 हजार रुपए खर्च किया गया है। इसके संचालन को लेकर तैयारी की जा रही है। झुमका वाटर टूरिज्म सोसाइटी बैकुंठपुर इस स्थल का संचालन करेगी। प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि इससे हर साल लाखों रुपए की आमदनी होने के साथ ग्रामीणों को रोजगार मिलेगा। वहीं ट्री-हाउस के साथ कार्यालय, गार्डन एवं अन्य सुविधाएं भी तैयार की गई हैं। पर्यटक यहां रात में ठहर भी सकेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने झुमका और घुनघुट्टा जलाशयों को पर्यटन स्थल का दर्जा देने की घोषणा की थी। इसके बाद से इस क्षेत्र का तेजी से विकास किया गया है। जिला प्रशासन इसे मॉडल पर्यटन जिला बनाने की योजना पर काम कर कर रही है। जिला पर्यटन सलाहकार समिति ने सोनहत ब्लाक में दो स्थलों की पहचान की है। डैम के पास बना ट्री-हाउस।


