माता-पिता की सेवा करने का संदेश बच्चों को दिया

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित 10 दिवसीय समर कैंप “उमंग 2025” का समापन नव विश्व भवन चोपड़ा पारा में हुआ। समापन समारोह में मातृ दिवस के अवसर पर बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। नृत्य, नाटक और गीतों के माध्यम से बच्चों ने भारतीय संस्कृति की विविधता, सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव और माता-पिता की सेवा के महत्व का संदेश दिया। समारोह में ब्रह्माकुमारी अंबिकापुर सेवा केंद्र की संचालिका विद्या बहन ने अभिभावकों से बच्चों के प्रति सकारात्मक सोच और अच्छे बोल बोलने की अपील की। उन्होंने कहा, मां की दुआओं में बच्चों का भविष्य छिपा होता है और कहानियों और बोलचाल का बच्चों की सोच पर गहरा असर पड़ता है। मुख्य अतिथि महापौर मंजूषा भगत ने बच्चों को संस्कार, कला और आदर सिखाने के लिए ब्रह्माकुमारी संस्था की सराहना की और उन्हें समर कैंप में सीखी हुई बातों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने की, जिन्होंने कहा कि यह बचपन का समय सीखने और दोस्त बनाने का है, और समर कैंप में सीखी बातें जीवन में आगे बढ़ने में मदद करेंगी। भाजपा नेता और पार्षद आलोक दुबे ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत पेंटिंग और निबंध की सराहना की और संस्था व विद्या बहन का आभार व्यक्त किया। राजयोग मेडिटेशन शिविर का आयोजन किया गया समारोह के बाद, विद्या बहन ने बताया कि 12 मई से एक सात दिवसीय निशुल्क राजयोग मेडिटेशन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर अभिभावकों और विद्यार्थियों के लिए सुबह 9 से 10 बजे और शाम 7 से 8 बजे तक रहेगा। सभी इच्छुक लोग किसी भी एक समय पर आकर इसका लाभ ले सकते हैं। इस शिविर के माध्यम से मानसिक शांति और आंतरिक संतुलन के लिए राजयोग की सरल और प्रभावी विधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह शिविर ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा विशेष रूप से बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए आयोजित किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *