बोकारो निवासी कलिका राय (85) की हत्या मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है। महिला उनके घर पर किराएदार थी। महिला ने पुलिस को बताया कि काफी समय से किराया बकाया होने के कारण मकान मालिक उसे कमरे में बुलाकर छेड़छाड़ करते थे। सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने बताया कि घटना वाली रात शनिवार को कलिका राय ने महिला को मछली देने के बहाने बुलाया और गलत हरकत करने का प्रयास किया। इसी दौरान महिला ने किचन में रखे लोढ़े (मसाला पिसने का पत्थर) से कलिका राय के सिर पर वार कर हत्या कर दी। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे दरअसल, रविवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि बोकारो स्टील सिटी थाना क्षेत्र के को-ऑपरेटिव सोसाइटी में मकान नंबर 192- A के मालिक कलिका राय की हत्या कर दी गई है। मौके पर जाकर देखा कि कलिका राय का शव अर्धनग्न अवस्था में बिस्तर पर पड़ा था। उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे काफी खून बह रहा था। मृतक के पुत्र विनय कुमार सिंह की शिकायत पर अज्ञात अपराधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। किराया विवाद बना हत्या का कारण
फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य संकलित किए। इसी क्रम में गुप्त सूचना, तकनीकी साक्ष्य और डॉग स्क्वाड की मदद से रूणा देवी नामक महिला को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में रूणा देवी ने हत्या की बात कबूल की। सिटी डीएसपी आलोक रंजन के अनुसार, रूणा देवी ने पुलिस को बताया कि वह कलिका राय के मकान में किरायेदार के रूप में रहती थी। काफी समय से किराया बकाया होने के कारण मकान मालिक उसे कमरे में बुलाकर गलत हरकत और छेड़छाड़ किया करते थे। विरोध करने पर किराया मांगते थे। रूणा देवी ने आरोप लगाया कि कलिका राय ने उसे मछली देने के बहाने बुलाया और गलत हरकत करने का प्रयास किया। इसी दौरान रूणा देवी ने किचन में रखे लोढ़े से कलिका राय के सिर पर वार कर हत्या कर दी। हत्या के सबूत बरामद
रूणा देवी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोढ़ा, खून से सनी नाइटी और मकान की चाबी बरामद की।


