लुधियाना के फिरोजपुर रोड पर मंगलवार को एक सड़क हादसा हो गया। आर्मी कैंप के पास टेम्पो के गलत दिशा में चलने और डिजायर कार की ओवर स्पीड के कारण चार गाड़ियां आपस में टकरा गईं। टक्कर के बाद तीन गाड़ियां पलट गईं। आर्मी कैंप में मौजूद जवानों ने तुरंत मदद के लिए पहुंचकर कारों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में 5 लोग घायल हो गए। आर्मी जवानों ने अपनी एम्बुलेंस से सभी घायलों को डीएमसी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में दो लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घायल मुकंद ने बताया कि वह अपनी ब्रेजा कार से दोस्त के साथ नाश्ता करके लुधियाना जा रहे थे। इसी दौरान पहले टेम्पो और फिर ओवर स्पीड में आ रही डिजायर कार ने टक्कर मार दी। दूसरे घायल नरेंद्र ने बताया कि वह टेम्पो में सवार था, दूसरी तरफ जाने के लिए इंडिकेटर दिया था, तभी पीछे से आई कार ने टक्कर मार दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। फिरोजपुर रोड पर लगा लंबा जाम हादसे के बाद फिरोजपुर रोड पर तीन से चार किलो मीटर तक लंबा जाम लग गया। जिससे ट्रेफिक में फंसे लोगों का हाल गर्मी से बेहाल होने लगा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कारों को क्रेन के माध्यम से सडक किनारे करवा ट्रैफिक जाम को खुलवाया।


