सीबीएसई ने मंगलवार को कक्षा 12वीं के सभी संकायों का परिणाम घोषित किया। कोडरमा जिले में डीएवी के छात्र आयुष राज ने विज्ञान संकाय में 97.2% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। आयुष की इस सफलता पर घर में जश्न का माहौल है। परिवार, शिक्षक और मोहल्ले वाले सभी मिठाई बांटकर एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं। आयुष की मां पूनम ने बताया कि वह बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल रहा है। पिता मनोज सिंह एक निजी विद्यालय में शिक्षक हैं। उन्होंने कहा कि वे बेटे की उपलब्धि पर गौरवान्वित हैं। सैद्धांतिक भौतिकी में रिसर्च कर देश की सेवा लक्ष्य आयुष ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और मित्रों को दिया है। उनका भविष्य का लक्ष्य सैद्धांतिक भौतिकी में रिसर्च कर देश की सेवा करना है। आयुष पहले भी वर्ष 2023 में कक्षा 10वीं में 97.8% अंक लाकर जिले में टॉप कर चुके हैं। उन्होंने जेईई मेंस में 97 परसेंटाइल स्कोर किया है और 18 मई को जेईई एडवांस की परीक्षा में बैठेंगे। आयुष की एक बहन हैं, जो विनोबा भावे यूनिवर्सिटी से एमएससी कर रही हैं।


