लुधियाना जिले में खन्ना के दोराहा में स्थित एक होटल में चल रहे सट्टे के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। मंगलवार को पुलिस ने छापेमारी कर 32 सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 6 लोग इस रैकेट के मुख्य संचालक हैं। पकड़े गए आरोपियों में पंजाब के दो प्रमुख सट्टेबाज हरसिमरन सिंह रॉकी उर्फ बाबा बुकी और सुरजीत सिंह उर्फ पम्मा ओबराय शामिल हैं। पुलिस को आशंका है कि इनका नेटवर्क विदेशों तक फैला हुआ है। जांच के लिए आरोपियों के मोबाइल फोरेंसिक लैब भेजे जाएंगे। 33 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज एसपी पवनजीत के अनुसार होटल मालिक वरिंदरजीत सिंह सहित 33 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच के बाद 26 आरोपियों को जमानत मिल गई है। शेष 7 आरोपियों पर धोखाधड़ी की गैर-जमानती धाराएं लगाई गई हैं। होटल मालिक अभी फरार जानकारी के अनुसार छह प्रमुख आरोपियों हरसिमरन सिंह रॉकी, सुरजीत सिंह पम्मा, वरिंदर बेदी सन्नी, हरमीत रिप्सी, सतीश कुमार एसके और सुनील कुमार बिट्टू को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। होटल मालिक अभी फरार है। पुलिस ने छापेमारी में 11.95 लाख रुपए नकद, 90 अमेरिकी डॉलर, 6 मोबाइल और 6.37 लाख रुपए की करेंसी चिप्स जब्त की हैं। ये चिप्स जुआरियों द्वारा खुद बनाई गई थीं, जिन्हें वे टोकन की तरह इस्तेमाल करते थे। जमानत पर छूटे लोगों को क्लीन चिट नहीं पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जमानत पर छूटे लोगों को क्लीन चिट नहीं दी गई है। जांच में उनकी भूमिका सामने आने पर अतिरिक्त धाराएं जोड़ी जा सकती हैं। इस रैकेट के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संबंधों की भी जांच की जा रही है।


