सार्वजनिक निर्माण विभाग ने बार्य शहर में नलका रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण और अटरू कस्बे में बायपास निर्माण को लेकर डीपीआर के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। राज्य सरकार ने अटरू में बायपास के डीपीआर, सर्वे और कंसल्टेंसी के कार्य करवाने के लिए 38 लाख रुपए की स्वीकृति जारी की है। अब आगामी दिनों में प्रक्रिया पूरी होने के बाद डीपीआर बनाने का कार्य शुरू किया जाएगा। इसके लिए जमीन का चिन्हीकरण सहित टेक्निकल कार्य किए जाएगे। अटरू में बायपास बनाने के लिए लंबे समय से मांग की जा रही थी। इसके बाद अब राज्य सरकार ने इसके डीपीआर बनाने की स्वीकृति जारी की है। अटरू में वर्तमान में भारी सहित अन्य वाहन कस्बे से होकर निकलते हैं। साथ ही इस मार्ग से ही कवाई के अडानी थर्मल प्लांट और छबड़ा के मोतीपुरा स्थित थर्मल प्लांट पहुंचने का यही एकमात्र रास्ता है। साथ ही मध्य प्रदेश को भी यह मार्ग जोड़ता है। इसके कारण यहां पर दिनभर राख से भरे बल्गर सहित विभिन्न भारी वाहन, बस, टैक्सी सहित आदि का आवागमन होता है। इस कारण कस्बे के बस स्टैंड सहित अन्य जगहों पर घंटों लंबा जाम लग जाता है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अब इसकी डीपीआर बनने के बाद इसको उच्चस्तर पर स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद स्वीकृति मिलने पर मौके पर कार्य शुरू हो सकेगा। जिला मुख्यालय स्थित नलका फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज बनाने के लिए बजट में राज्य सरकार द्वारा घोषणा की गई थी। अब विभाग द्वारा 15 लाख रुपए से इसकी डीपीआर बनवाई जा रही है। जिसमें ब्रिज की डिजाइन सहित कार्य किए जाएंगे। इसके लिए विभाग ने टेंडर कर दिए हैं। डीपीआर बनने के बाद इसको उच्च स्तर पर भेजा जाएगा। वहां से निर्देश मिलने के बाद मौके पर कार्य शुरू किया जाएगा। नलका फाटक पर आरओबी बनने से कोटा रोड से मेलखेड़ी रोड, मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और कृषि उपज मंडी जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी। वर्तमान में नलका फाटक पर दिनभर में 50 से ज्यादा बार बंद होता है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। डीपीआर बनाने और कंसल्टेंसी के लिए 38 लाख का बजट मिला
पीडब्ल्यूडी एसई डीआर क्षत्रिय ने बताया कि जिले के अटरू में बायपास बनाने के लिए डीपीआर बनवाई जाएगी। इसमें सर्वे, डीपीआर बनाने और कंसल्टेंसी के काम होंगे। इसके लिए 38 लाख रुपए का बजट भी मिल चुका है। इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके बाद इसको उच्च स्तर पर भेजा जाएगा। वहीं बजट घोषणा में नलका फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज बनाना प्रस्तावित है। इसको लेकर 15 लाख रुपए से डीपीआर बनवाई जाएगी। इसके भी जल्द ही टेंडर लगा दिए हैं।


