हिमाचल प्रदेश में 6 दिन से बंद दिल्ली-शिमला फ्लाइट फिर शुरू हो गई है, लेकिन शिमला से अमृतसर की फ्लाइट्स को आज फिर कैंसिल करना पड़ा है। वहीं कुल्लू के भुंतर और कांगड़ा के गगल एयरपोर्ट से भी आज 9 बजे तक कोई फ्लाइट नहीं उड़ी। अलायंस एयर का विमान आज सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर दिल्ली से शिमला के जुब्बड़हट्टी के लिए उड़ा, जो 7 बजकर 25 मिनट पर जुब्बड़हट्टी पहुंचा। इसमें 23 यात्री दिल्ली से शिमला आए। इसके बाद शिमला से 7 बजकर 45 मिनट पर यही विमान अमृतसर को उड़ान भरने को तैयार था। पेसेंजर भी विमान में बिठा दिए गए थे। इस बीच अमृतसर एयरपोर्ट बंद होने की सूचना मिली और तब अमृतसर की फ्लाइट को कैंसल करना पड़ा। इसके बाद 10 बजकर 30 मिनट पर यह शिमला से वापस दिल्ली के लिए उड़ी। गगल एयरपोर्ट से आज भी उड़ान नहीं हो पाई शुरू वहीं सुबह 9 बजे तक कांगड़ा के गगल एयरपोर्ट और कुल्लू के भुंतर एयरपोर्ट को आज कोई भी फ्लाइट नहीं आई। बताया जा रहा है कि इन दोनों एयरपोर्ट पर अब कल ही उड़ान हो पाएगी। इन दोनों जगह से शिमला, दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट आती जाती है, लेकिन भारत-पाक के बीच युद्ध जैसी स्थिति को देखते हुए पांच दिन पहले इन्हें बंद कर दिया था। हालांकि गगल और भुंतर एयरपोर्ट प्रबंधन ने अपने हवाई अड्डे बीते कल ही फ्लाइट के लिए खोल दिए थे। मगर विमान कंपनियों द्वारा फ्लाइट शेड्यूल नहीं करने की वजह से आज कोई फ्लाइट नहीं उड़ पाई। डायरेक्टर बोले- तय समय पर शिमला पहुंची फ्लाइट शिमला के जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट के डायरेक्टर धनपाल सिंह ने बताया कि आज विमान तय समय पर शिमला पहुंचा और अमृतसर के लिए उड़ान भरने वाला था। मगर अमृतसर एयरपोर्ट बंद होने की वजह से फ्लाइट कैंसल करनी पड़ी। 9 बजे तक कोई फ्लाइट नहीं उड़ी- धीरेंद्र सिंह वहीं गगल एयरपोर्ट के डायरेक्टर धीरेंद्र सिंह ने बताया कि आज 9 बजे तक कोई फ्लाइट नहीं आई। उन्होंने एयरपोर्ट को ओपन कर रखा है। फ्लाइट का फैसला विमान कंपनियों पर निर्भर करता है। उन्होंने बताया कि गगल एयरपोर्ट से तीन विमान कंपनियों एयरलाइंस, स्पाइस जेट और इंडिगो के विमान शिमला, चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए उड़ते हैं। भुंतर एयरपोर्ट उड़ानों को ओपन- सिद्धार्थ भुंतर एयरपोर्ट डायरेक्टर सिद्धार्थ कदम ने बताया कि उन्होंने एयरपोर्ट ओपन कर दिया है, लेकिन 9 बजे तक कोई फ्लाइट नहीं उड़ी।


