गर्मी अब अपने पीक पर आने लगी है। तपिश बढ़ने लगी है, मगर गर्मी बढ़ने के साथ ही शहर में बिजली-पानी का संकट भी बढ़ गया है। रांची को फुल लोड बिजली मिलने के बाद ही लोकल फॉल्ट के नाम पर अनचाहे पावर कट से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। छोटे-छोटे लोकल फॉल्ट के कारण भी आधे से दो घंटे तक पावर कट का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। सुबह, दोपहर या रात कब बिजली कट जाएगी और कब आएगी, इसकी कोई जानकारी लोगों को नहीं होती है। इस गर्मी में न केवल बिजली, बल्कि पानी भी लोगों की समस्या बढ़ा रही है। रांची के ड्राई जोन वाले क्षेत्रों में संकट अब गहराता जा रहा है। ऊपर से अनियमित वाटर सप्लाई ने लोगों की समस्या बढ़ा दी है। ऐसे क्षेत्रों में लोगों की पूरी निर्भरता नगर निगम के बोरिंग- टंकी और टैंकरों से पानी आपूर्ति पर टिक गई है। 24 घंटे में लोकल फॉल्ट के नाम पर इन क्षेत्रों में 2 से 4 घंटे तक नहीं मिली बिजली क्या कहते हैं लोग : न समय पर वाटर सप्लाई, न पूरे दिन बिजली पहाड़ी मंदिर क्षेत्र के निवासी वीरेंद्र गोप ने कहा कि सबसे अधिक बिजली कटने और नियमित पानी नहीं मिलने की समस्या है। न समय पर वाटर सप्लाई आती है, न ठीक से बिजली। वहीं रातू रोड निवासी संतोष प्रधान बताते हैं कि रातू रोड, पिस्का मोड़ एरिया में पानी-बिजली दोनों की समस्या है। हरमू निवासी मो. एहतेशाम ने बताया कि पूरे हरमू क्षेत्र में लोग पानी संकट झेल रहे हैं। ऊपर से बिजली रुलाती है। हरमू इमली चौक निवासी दीपक कुमार, किरण तिर्की, विनय तिर्की ने बताया कि पता नहीं हमारे क्षेत्र का पानी संकट कब खत्म होगा। बिजली कब चल जाएगी, कब आएगी, इसकी भी जानकारी नहीं रहती है। ड्राइ जोन में पानी संकट बढ़ा, टैंकर से आपूर्ति बढ़ाई गई रांची में रातू रोड, पहाड़ी टोला, मधुकम, कुम्हार टोली, किशोरगंज, आनंद नगर, हरमू आदि क्षेत्र ड्राई जोन में आते हैं। इन क्षेत्रों में अप्रैल आते-आते निजी घरेलू बोरिंग सूख जाते हैं। इन इलाकों में रूक्का डैम से वाटर सप्लाई होती है। मगर रातू रोड में अनियमित एवं कम वाटर सप्लाई से समस्या बढ़ जाती है। इन क्षेत्रों में वाटर सप्लाई का समय ही अब तक फिक्स नहीं हो पाया है। केवल पहाड़ी मंदिर टंकी से सुबह निर्धारित समय पर वाटर सप्लाई होती है। ऐसे में इन इलाकों के लोगों की पूरी निर्भरता सरकारी बोरिंग और नगर निगम के टैंकरों पर है। पानी के लिए मारा-मारी की स्थिति है। सुबह से लेकर देर रात तक जद्दोजहद जारी रहती है। पानी की स्थिति को देखते हुए रांची नगर निगम ने टैंकर से पानी आपूर्ति के प्वाइंट बढ़ा दिए हैं। जहां पहले 100 टैंकर पानी वितरण होता था, अब उसे पांच दिनों के अंदर बढ़ा कर 135 कर दिया गया है। अगर गर्मी इसी तरह जारी रही, तो इसकी संख्या 200 के पार जा सकती है।


