ओरमांझी | इरबा स्थित फ्लोरेंस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन में मंगलवार को एक दिवसीय राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न कॉलेजों से आए छात्र-छात्राओं को “गैर-आक्रामक वेंटिलेटर : बेहतर परिणाम के लिए नर्सिंग कौशल का विकास” विषय पर प्रशिक्षण दिया गया। मुख्य अतिथि डॉ. तापस कुमार साहू, एसोसिएट डायरेक्टर एवं प्रमुख, क्रिटिकल केयर एवं एनेस्थीसिया विभाग, मेदांता, रांची और प्रो. डॉ. सुधा देवी एम., प्राचार्य, कॉलेज ऑफ नर्सिंग, रिम्स रहीं। अध्यक्षता संस्थान की निदेशक डॉ. शाहीन कौशर ने की। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने नर्सिंग छात्रों को गैर-आक्रामक वेंटिलेटर के प्रभावी उपयोग, रोगियों की देखभाल और बेहतर उपचार विधियों की जानकारी दी। कार्यशाला के समापन पर प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। आयोजकों का कहना था कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम नर्सिंग क्षेत्र के युवाओं के कौशल को एक नई दिशा देंगे।


