30 फीट की ऊंचाई से भोक्ताओं ने बरसाए आस्था के फूल

भगवान शिवजी के जयघोष से मंगलवार को अरगोड़ा क्षेत्र गूंज उठा। मौका था मंडा पूजा के दसवें दिन का। इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। अरगोड़ा मैदान में शिव मंडा पूजा समिति की ओर से आयोजित मंडा पूजा का मुख्य कार्यक्रम झूलन हुआ। शाम 6 बजे 350 भोक्ताओं ने एक-एक कर 30 फीट की ऊंचाई से पुष्प वर्षा की। भोक्ताओं द्वारा बरसाए गए पुष्प को महिला श्रद्धालुओं ने आंचल में भर लिया। मान्यता है कि इस पुष्प को घर में रखने से सुख, समृद्धि व शांति बनी रहती है। झूलन के बाद सोक्ताइनों ने लोटा में भरे जल भोक्ताओं पर छिड़का। इस आयोजन में करीब 10 हजार लोग शामिल हुए। इससे पूर्व दोपहर दो बजे से सभी 700 भोक्ताओं और सोक्ताइनों ने शोभायात्रा निकाली। अरगोड़ा दादुलघाट से सभी भक्त रंग-बिरंगे परिधान में सजकर भगवान शिवजी की विशाल शोभायात्रा में शामिल हुए। इस दौरान गुलेजी फूल, गुबारे और मोरपंख से भोक्ता सजे थे। इस दौरान पाट भोक्ता को रथ में त्रिशूल पर लेटाकर लाया गया। रथ पर 7 भोक्ता बैठे थे। उनके पीछे 7 सोक्ताइन कांसे के लोटे से जल रथ सवार भोक्ता पर छिड़क रही थी। वहीं, शाम में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान नागपुरी गीतों पर लोग झूमते नजर आए। आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष मुनेश्वर साहु, कार्यकारी अध्यक्ष अंजित साहु, महासचिव पवन साहु, सचिव नरेंद्र प्रसाद साहु, कोषाध्यक्ष शिव प्रसाद, दिलरंजन साहु व अन्य ने योगदान दिया। दैनिक भास्कर , रांची, बुधवार, 14 मई, 2025 dainikbhaskar.com 2

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *