धमतरी में वारदात:दुकान में घुसे दो नकाबपोश; व्यापारी को गोली मारी, बेटी के पैर से छूकर निकली, दोनों भर्ती

आरोपियों को पकड़ने 15 जगह नाकेबंदी धमतरी में पावर हाउस के सामने स्थित बरड़िया आभूषण दुकान में मंगलवार की रात करीब 8.30 बजे गोली चली। दो अज्ञात नकाबपोश बदमाश दुकान का शटर उठाकर अंदर घुसे। दुकान में खड़े सराफा व्यापारी भंवरलाल बरड़िया (56) पर हमला किया। बदमाशों ने बंदूक की बट से उनके सिर पर जोरदार वार किया। व्यापारी खून से लथपथ होकर जमीन पर गिरा। उसने आवाज लगाई, तो पीछे से दौड़ती हुई, उसकी बेटी नैना बरड़िया (25) आई। तभी बदमाशों ने गोली चलाई, जो नैना के पैर को छूकर निकल गई। नैना भी घायल होकर गिर पड़ी। खून से लथपथ भंवरलाल और नैना को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। वारदात के बाद नकाबपोश बदमाश मौके से भाग निकले। पुलिस आरोपियों को पकड़ने सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इस घटना के बाद व्यापारियों की भीड़ जुट गई। परिजन ने बताया कि अब दोनों खतरे से बाहर हैं। सूचना मिलते ही एएसपी मणिशंकर चंद्रा, कोतवाली टीआई राजेश मरई समेत अन्य पुलिस अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। परिजनों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। डॉक्टरों से दोनों घायलों की स्थिति की जानकारी ली गई। लूट की नीयत से दो अज्ञात नकाबपोशों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस, रिश्तेदारों और व्यापारियों को भी यही आशंका है। पुलिस अब तक यह साफ नहीं कर पाई है कि आरोपी किस वाहन से आए थे। दुकान के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। फुटेज की जांच शुरू हो चुकी है। पुलिस ने शहर की सीमाओं पर 15 जगह नाकेबंदी की है। अफसरों को भरोसा है कि आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे। आरोपियों को पकड़ने हरसंभव प्रयास
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि 2 बदमाशों ने व्यापारी के सिर पर बंदूक की बट से वार किया। व्यापारी की बेटी नैना के पैर में गोली का छर्रा लगा। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में नाकेबंदी की। पकड़ने के लिए हरसंभव प्रयास जारी हैं। घटना से व्यापारियों में आक्रोश बढ़ी
नकाबपोश दो बदमाशों ने शहर में फायरिंग कर दहशत फैला दी। वारदात से कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। घटना पुराना नेशनल हाईवे किनारे एक घर में हुई। गोली चलने से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। जाम की स्थिति बन गई। घटना की खबर मिलते ही बठेना अस्पताल और घटनास्थल के बाहर भीड़ जुट गई। सराफा, कपड़ा और अन्य कारोबार से जुड़े व्यापारी मौके पर पहुंचे। आम लोग भी बड़ी संख्या में वहां जमा हो गए। वारदात से व्यापारियों में आक्रोश है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है। पुलिस को 12 घंटे का अल्टीमेटम सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित बरड़िया ने कहा कि मंगलवार रात करीब 8.30 बजे हुई वारदात ने शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों के अनुसार दो बदमाश घर में घुसे थे। घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश है। अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को 12 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है। व्यापारी 14 मई की सुबह एसपी से मुलाकात करेंगे। यदि आरोपी नहीं पकड़े गए, तो धमतरी बंद का फैसला लिया जा सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *