लुधियाना में किसानों ने किया जंग का विरोध:डी.सी दफ्तर से भारत नगर चौक तक निकाला पैदल मार्च,बोले-आप्रेशन सिंदूर चलता तो उजड़ते सुहाग

लुधियाना में आज संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) द्वारा शांति मार्च का आयोजन किया गया। इस मार्च का नेतृत्व बीकेयू लक्खोवाल के नेता अवतार सिंह महलों ने किया। किसान डीसी कार्यालय के सामने एकत्रित हुए और आतंकवाद व जंग के खिलाफ पैदल मार्च निकाला। यह मार्च डीसी दफ्तर से भारत नगर चौक तक आयोजित किया गया। किसान बोले-जंग से होगा केवल विनाश किसान नेता इंद्रजीत सिंह ने कहा कि दोनों देशों की सरकारों और कॉर्पोरेट घरानों को यह समझना चाहिए कि जंग से केवल विनाश होगा। उन्होंने कहा कि जंग के कारण दोनों तरफ के लोग मरेंगे। आज का यह रोष प्रदर्शन इस उद्देश्य से किया गया है कि दोनों देशों की सरकारें जंग को रोकें और शांति का मार्ग अपनाएं। ऑपरेशन सिंदूर पर किसानों की राय किसान नेता राजिंद्र सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकवादियों को मार गिराना सही है क्योंकि उन्होंने निर्दोष लोगों की जान ली थी। लेकिन अगर जंग छिड़ती है, तो इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जंग के कारण कई महिलाओं का सिंदूर मिट जाएगा। दोनों देशों को भाईचारे का संदेश देना चाहिए और शांति बनाए रखनी चाहिए। शांति और एकता का आह्वान भारतीय किसान यूनियन (एकता डकोंदा) के जिला प्रधान जगतार सिंह ने कहा कि यह रैली शांति और जंग के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि कोई भी जंग नहीं चाहता। हमें देश को खुशहाल रखने के लिए जंग से बचना चाहिए। बॉर्डर पर जो सैनिक लड़ रहे हैं, वे हमारे अपने बच्चे हैं। ऑपरेशन सिंदूर के नाम पर लोगों को जंग में धकेला जा रहा है, जिससे दोनों देशों की महिलाओं का सिंदूर मिट सकता है। आतंकवाद के खिलाफ किसानों का समर्थन किसानों ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि वे हमेशा आतंकवाद के खिलाफ खड़े रहेंगे। उन्होंने सरकार से अपील की कि आतंकवादियों को सख्त सजा दी जाए, लेकिन जंग से बचा जाए। यह शांति मार्च किसानों की ओर से जंग और आतंकवाद के खिलाफ एक मजबूत संदेश था। किसानों ने दोनों देशों की सरकारों से शांति और भाईचारे की अपील की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *