झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा 9वीं क्लास की परीक्षा का रिजल्ट बुधवार को चेयरमैन डॉ. नटवा हांसदा द्वारा जारी कर दिया गया है। इसमें 98.695 प्रतिशत विद्यार्थी इस इस साल सफल हुए हैं, जो पिछले साल की तुलना में अधिक है। इस वर्ष 477237 विद्यार्थियों ने इस परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। इसमें 471428 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिसमें 465277 विद्यार्थी पास हुए हैं। जैक की वेबसाइट https://jacresults.c om पर लॉग इन करके अपना रिजल्ट स्टूडेंट्स देख सकते हैं। बताते चलें कि पिछले साल 98.40% स्टूडेंट्स नौवीं बोर्ड परीक्षा में सफल हुए थे। इस परीक्षा में छात्रों की अपेक्षा छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया है। इस साल नौवीं बोर्ड की परीक्षा में 223283 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे, जिसमें से 22150 सफल हुए हैं। जबकि 248145 छात्राएं इस परीक्षा में शामिल हुई थीं, जिसमें से 245127 पास हुई हैं। वहीं नौवीं बोर्ड की परीक्षा में 6056 विद्यार्थी असफल हुए हैं। बताते चलें कि इस साल जैक द्वारा 9वीं की बोर्ड परीक्षा 11 और 12 मार्च को आयोजित की गई थी। इन परीक्षाओं में छात्रों को 5 अनिवार्य विषयों भाषा-1, भाषा-2, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान शामिल था। सभी पेपर की परीक्षा में बहुवैकल्पिक (एमसीक्यू) टाइप के प्रश्न पूछे गए थे। रांची जिले का रिजल्ट इस वर्ष पिछले साल की अपेक्षा अच्छा रहा। पिछले साल 98.639% बच्चे इस परीक्षा में सफल हुए थे। वहीं इस बार जारी रिजल्ट में 99.063 % परीक्षार्थी सफल हुए हैं। रांची जिले में 36642 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इसमें 36299 सफल हुए हैं। कोडरमा अव्वल, रांची 5वें पायदान पर: 9वीं बोर्ड की परीक्षा में कोडरमा जिला के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस जिला के 99.54 प्रतिशत छात्र परीक्षा में सफल घोषित किए गए हैं। वहीं रांची जिला में राज्य में 5वें पायदान पर है। रांची में 99.06 प्रतिशत छात्र सफल घोषित किए गए हैं, जो पिछले साल की अपेक्षा अधिक है।


