विक्रमजीत शर्मा /राजन गोसाईं मजीठा के गांवों में जहरीली शराब से 23 मौतों के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी प्रभदीप बब्बू और उसके भाई कुलबीर जग्गू ने भंगवां, पंधेर गांव से लेकर करानाला तक 20 किलोमीटर के इलाके में अपना सप्लाई नेटवर्क फैला रखा था। इस रूट के गांवों के अवैध शराब रिटेलरों को ये सप्लाई देते थे। सबसे ज्यादा मौतें भी इसी बेल्ट के गांवों-भंगवां, मरड़ी कलां, थ्रीएवाल और भंगाली कलां में हुई हैं। थ्रीएवाल में तो स्थिति और भी चौंकाने वाली है। यहां निंदर कौर और पम्मा की ओर से बब्बू से सप्लाई लेकर बेची जा रही जहरीली शराब ‘फ्रूटी’ (आम भाषा में पाउच वाली शराब को कहा जाता था) का ठिकाना भंगाली पुलिस चौकी से महज 200 मीटर की दूरी पर था। गांव वालों का कहना है कि पुलिस अक्सर वहां आती थी, मगर कभी कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे ही बयान भंगवां पुलिस के बारे में बब्बू और जग्गू को लेकर हैं। पुलिस पूरे 20 किलोमीटर के दायरे में छापेमारी कर बब्बू-जग्गू से जुड़े अन्य रिटेलरों की तलाश कर रही है। बुधवार को दैनिक भास्कर की टीम 20 किलोमीटर रूट के 10 गांवों में गई, तो हर जगह बब्बू-जग्गू का नाम सबसे पहले लिया गया। वहीं भंगाली कलां-खुर्द, टरपई, मरड़ी कलां, करनाला, थ्रीएवाल के लोगों ने सीधा परमजीत पम्मा और निंदर कौर का नाम लिया।


