जांजगीर| बलौदा थाना में मोबाइल लूट की शिकायत करने पहुंचे युवक के साथ सिपाही ने गाली-गलौच और मारपीट की। युवक ने उच्च अधिकारियों को शिकायत पत्र सौंपकर न्याय की मांग की है। पीड़ित ने बताया कि 11 मई 2025 की रात करीब 11.30 बजे वह मोबाइल लूट की शिकायत दर्ज कराने बलौदा थाना पहुंचा था। वहां मौजूद सिपाही ने उसकी बात सुनने के बाद उसकी बहन को लेकर गंदी गालियां दीं और उसे थप्पड़ मार दिया। यह घटना थाने के अंदर बारातियों की मौजूदगी में हुई। बताया गया कि पूरी घटना थाना परिसर के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज करवाकर लौटते समय रास्ते में अमित कुमार ठाकुर और कुछ अन्य लोगों ने उसे रोका और मारपीट की। इस हमले में उसकी दोनों जांघों में गंभीर चोटें आईं। चोटों के कारण वह निजी काम नहीं कर पा रहा है।


