नदी में मिली बच्चे की लाश; 10 गांवों में पूछताछ, नहीं हो सकी है पहचान

भास्कर न्यूज | कवर्धा पांडातराई थाना क्षेत्र के ग्राम घोघरा के पास हाफ नदी में 12 मई की सुबह एक बच्चे की लाश मिली थी। मृत बच्चे की उम्र करीब 6-7 साल होगी। शव मिलने के 2 दिन बाद भी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस टीम ने आसपास 10 गांवों में पड़ताल की। कोटवारों के जरिए खोजबीन कराई। यहां तक कि कबीरधाम व उससे लगे मुंगेली जिला और मध्यप्रदेश के सीमावर्ती थानों के मिसिंग रिपोर्ट खंगाले जा चुके हैं। लेकिन मृत बच्चे की पहचान नहीं हो पाई है। संवेदनशील बात तो ये है कि मृत बच्चे के माता-पिता या परिजन भी अब तक सामने नहीं आए हैं। बच्चे की लाश को मिले 48 घंटे से ज्यादा हो चुके हैं। किसी भी थाने में इस बच्चे से जुड़ी कोई मिसिंग रिपोर्ट तक नहीं हुई है। इससे मामला पुलिस के लिए पेचीदा बनता जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे की डूबने से मौत की पुष्टि पांडातराई थाने के टीआई त्रिलोक प्रधान ने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम कराया गया। पीएम रिपोर्ट में डूबने से बच्चे की मौत की पुष्टि हुई है। शव पर कहीं भी चोंट के निशान नहीं थे। घटनास्थल के आसपास 10 गांवों में टीम भेजकर पूछताछ की गई, लेकिन बच्चे की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। ग्राम घोघरा के पास हाफ नदी में पुल के नीचे बच्चे का शव बरामद हुआ। पत्थरों के खोह के पास शव पेट के बल पानी में पड़ा था। मृत बच्चे की उम्र लगभग 6 से 7 वर्ष बताई जा रही है। उसने काले रंग की टी-शर्ट और काले रंग की हाफ पैंट पहना था। माथे पर काजल की बिंदी लगा था। मृत बच्चे की पहचान के बारे में पांडातराई थाना प्रभारी को 97707-16233 पर और पुलिस कंट्रोल रूम से 94791- 92499 पर सूचना दे सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *