कलेक्टर हुए नाराज . ठाकुरदेव चौक से नया बस स्टैंड तक तोड़फोड़ की गई है

भास्कर न्यूज | कवर्धा शहर के ठाकुरदेव चौक से नया बस स्टैंड तक 11 करोड़ रुपए की लागत से रोड चौड़ीकरण किया जा रहा है। चार किलोमीटर लंबी रोड चौड़ीकरण के लिए दोनों ओर पक्के मकान व दुकान तोड़े गए हैं। लेकिन ठेका एजेंसी निर्माण में सुस्ती बरत रहा है, जिसे लेकर कलेक्टर गोपाल वर्मा ने नाराजगी जताई है। वहीं नगर पालिका के सामने 1 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे चौपाटी का काम भी सुस्त गति से चल रहा है। जनवरी 2025 में चौपाटी बनाने वर्क आर्डर हुआ था। कार्यस्थल पर पारदर्शिता के लिए सूचना बोर्ड तो नहीं लगे हैं। नपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी के मुताबिक, 6 महीने यानी जून 2025 तक काम पूरा करने का अनुबंध है। लेकिन अभी तक लगभग 70 फीसदी ही काम हो पाया है। नपाध्यक्ष चंद्रवंशी का कहना है कि अभी चौपाटी में गार्डनिंग और फिनिशिंग वगैरह का काम होना है। नाली बनाने खुदाई, रहवासियों को परेशानी: ठाकुरदेव चौक से नया बस स्टैंड रोड चौड़ीकरण के दायरे में आने वाले पक्के मकान व दुकानें तोड़ी गई है। रोड किनारे अब भी मलबे पड़े हुए हैं। नाली निर्माण के लिए घरों के सामने खोदाई की गई है। इससे रहवासियों को अपने घरों में आने- जाने में परेशानी हो रही है। जहां गड्ढे खोदे गए हैं, वहां घरों के सामने लोगों ने आने-जाने के लिए बांस व लकड़ी की पुलिया बनाए हैं। कलेक्टर ने कहा- तय समय पर काम पूरा करें कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बुधवार को निर्माणाधीन चौपाटी और घोठिया रोड निरीक्षण किया। उन्होंने काम की धीमी रफ्तार और गुणवत्ता पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों से दो टूक कहा कि तय समय में काम पूरा होना चाहिए। गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। एसडीएम और सीएमओ को एक टीम बनाकर रोजाना काम की प्रोग्रेस की निगरानी करने और हर दिन की रिपोर्ट तैयार करने निर्देश दिए हैं। किस दिन कौन-सा काम होगा, इसकी डिटेल वर्क प्लान तैयार बनाने कहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *