भास्कर न्यूज | कवर्धा जिले में 14 से 17 मई तक हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। यह शिविर उन वाहनों के लिए अनिवार्य हैं, जिनका पंजीयन 1 अप्रैल 2019 से पहले हुआ है। कलेक्टर गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में परिवहन विभाग कबीरधाम द्वारा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविर चार चरणों में होंगे। 15 मई को लोहारा, पांडातराई, दशरंगपुर और चिल्फी, 16 मई को बोडला, पोड़ी और कूकदूर, 17 मई को बोड़ला, कुंडा और रणवीरपुर में शिविर लगेंगे। आवेदन मिलने के चार दिन बाद नंबर प्लेट लगाने की प्रक्रिया शुरू होगी। जिला परिवहन अधिकारी एमएल साहू ने बताया कि इसके लिए अलग-अलग ब्लॉकों में फिटमेंट सेंटर बनाए गए हैं। अब तक कवर्धा से 814, पंडरिया से 370 और रेंगाखार से 85 आवेदन मिल चुके हैं। कवर्धा आरटीओ कार्यालय में नंबर प्लेट लगाने का काम जारी है। ऑनलाइन आवेदन के लिए वाहन का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, आधार कार्ड की प्रति और मोबाइल नंबर जरूरी होगा। आवेदन के समय शुल्क देना होगा। दो पहिया वाहन के लिए 366 रुपए, तीन पहिया के लिए 427 रुपए, चार पहिया के लिए 656 रुपए और भारी वाहन के लिए 706 रुपए तय किए गए हैं। बेब/चे फॉर्म भरने के लिए 50 रुपए अलग से देने होंगे।


