झारखंड के देवघर जिले में मोहनपुर प्रखंड स्थित जमुनिया राज्यकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय में बुधवार को मिड-डे मील के बाद 24 से अधिक छात्र-छात्राएं बीमार हो गए। भोजन करने के कुछ देर बाद बच्चों को पेट दर्द, उल्टी और चक्कर आने की शिकायत हुई। विद्यालय प्रशासन ने तुरंत 108 एम्बुलेंस बुलाकर सभी प्रभावित बच्चों को देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। कुल 26 बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती किया गया। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. प्रभात रंजन के अनुसार, सभी बच्चों की स्थिति स्थिर है और कोई भी गंभीर नहीं है। प्रारंभिक जांच में भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठे स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। भोजन के नमूने लैब में परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। प्रारंभिक जांच में भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। सभी सरकारी विद्यालयों में दिए जा रहे भोजन की जांच के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। भोजन का स्रोत नियमित सप्लायर है और पहले कभी ऐसी शिकायत नहीं मिली थी। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए सरकार से कड़े कदम उठाने की मांग की जा रही है।


