बागबाहरा के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई। बुधवार सुबह 4 लोगों का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतकों में आदिम जाति कल्याण विभाग के बालक छात्रावास में पदस्थ प्यून, उसकी पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल हैं। बताया जा रहा है कि कर्ज बढ़ने की वजह से पति और तगादा करने वालों के कारण पत्नी परेशान हो चुकी थी। इसी बात पर पति-पत्नी में विवाद चल रहा था। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, बसंत पटेल ज्यादा कमाई के लालच में पड़ गया था। वह 3 प्रतिशत ब्याज की दर से मार्केट से पैसे उठाकर दूसरों को 5 प्रतिशत की दर से देता था। इसी बीच बसंत ने जिन्हें ब्याज पर पैसे दिए थे, वो बसंत को काफी दिनों से वापस नहीं मिले। इसी वजह से बसंत भी लोगों को पैसे नहीं लौटा पाया। इधर, तगादा करने वाले बसंत के घर आकर पैसे वापस करने का दबाव बना रहे थे। इसी वजह से बसंत की पत्नी को आए दिन शर्मिंदा होना पड़ता था। इसी बात पर पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता था। चार दिन पहले भी दोनों में झगड़ा हुआ। इस बीच, बसंत की पत्नी भारती ने मायके और ससुराल, दोनों जगह बसंत की शिकायत कर दी। भारती की शिकायत पर बसंत को समझाइश देने के लिए बसंत का भाई लोचन पटेल और भारती के पिता चंद्रभान नायक सोमवार को बागबाहरा आए थे।
सुसाइड नोट में लिखा- मुझे माफ करना…
पुलिस को मौके से आत्महत्या से जुड़ा सुसाइड नोट मिला है। जिसका मजमून है- मैं मर्जी से परिवार सहित आत्महत्या कर रहा हूं। लोगों के ताने सुन-सुनकर मैं परेशान हो गया हूं और आगे यह सब बर्दाश्त नहीं कर पाऊंगा। मैं गलत नहीं हूं। जिन लोगों ने मेरा जीना मुश्किल किया है, उन्हें ईश्वर सजा जरूर देंगे। परिजन को संबोधित करते हुए लिखा है- अपनी परेशानी मैंने किसी को नहीं बताई। घरवालों से भी छुपाया, इसलिए मुझे माफ करना। जांच जारी: एएसपी
एएसपी प्रतिभा पांडेय ने बताया, तहसीलदार से सूचना मिली कि प्यून बसंत ने घर का दरवाजा नहीं खोला। अप्रिय घटना की आशंका पर परिजनों से संपर्क किया और उनकी उपस्थिति में दरवाजा खोला तो बसंत पटेल की लाश लटकती मिली। बाकी तीन लाशें फर्श पर पड़ी थीं। मामले की जांच जारी है। गला दबाने से दम घुटा
चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। इनमें दो शवों (भारती और सेजल) का पोस्टमार्टम हो चुका है। इसमें गला दबाने की वजह से दम घुटना प्रतीत हो रहा है। – डॉ. युगांक चंद्राकर आशंका: पत्नी-बच्चों की हत्या कर सुसाइड शासकीय हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की बिल्डिंग एच-2 के मकान नं-5 में रहने वाले बसंत पटेल (42) का शव फंदे से लटकता मिला। उसकी पत्नी और दो बच्चों की लाश जमीन पर पड़ी थी। मृतक बसंत पटेल बागबाहरा के आदिम जाति कल्याण विभाग के बालक छात्रावास में भृत्य था। वहीं उसकी पत्नी भारती पटेल (38), बेटी सेजल पटेल (11) और बेटे कियांश पटेल (4) की लाश बरामद की गई है। आशंका है कि पत्नी और बच्चों की हत्या के बाद बसंत ने भी आत्महत्या कर ली होगी। वहीं घटना की सूचना मिलने पर एसपी आशुतोष सिंह और एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडेय सहित सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचे।


