भिंड में “सुशासन सप्ताह” के तहत भिंड जिला पंचायत कार्यालय में एक जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईएएस अधिकारी उपेन्द्रनाथ शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में सुशासन की परिभाषा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब कोई भी कार्य आसानी से और बिना बाधा के संपन्न हो, तो वही सुशासन है। उन्होंने चार प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा करते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में रुकावट, अच्छा कार्य करने वालों को हतोत्साहित करना, बाहुबल के कारण बाधाएं और मीडिया की सही जानकारी का अभाव सुशासन में बड़ी चुनौतियां हैं। कार्यक्रम में कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य है कि हर पात्र व्यक्ति को त्वरित और निष्पक्ष लाभ मिले। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि जनहितकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाई जाए। सभी विभागीय अधिकारियों से सुशासन में सुधार के लिए सुझाव मांगे। अधिकारियों ने योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक सुगमता से पहुंचाने और प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर जोर दिया। सीईओ जिला पंचायत सुनील दुबे ने जिले में सुशासन सप्ताह और जनकल्याण अभियान के अंतर्गत चल रहे प्रयासों की जानकारी दी। बताया कि शिविरों के माध्यम से नागरिकों को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस अवसर पर एडीएम एल.के. पाण्डेय और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


