भास्कर न्यूज | लुधियाना काम से लौट रही महिला के साथ बीच सड़क पर मारपीट, कपड़े फाड़ने की धमकी और बदनाम करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लुधियाना के गुरमेल पार्क निवासी महिला ने आरोप लगाया कि 30 जनवरी को गिल चौक स्थित कंपनी से छुट्टी के बाद लौटते समय स्प्लेंडर बाइक सवार दो युवकों ने उसका रास्ता रोका और गाली-गलौच करने लगे। विरोध करने पर महिला को थप्पड़ मारे और सरेआम कपड़े फाड़ने की धमकी दी। महिला के साथ स्कूटर पर मौजूद उसका साथी कर्मी जब बीच-बचाव करने आया तो आरोपियों ने उसे भी पीटा और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़िता ने बताया कि इस घटना के बाद जब उसने गग्गी के चाचा विक्रमजीत उर्फ कावली को फोन पर उलाहना दिया, तो उसने भी धमकियां दीं। महिला का आरोप है कि इसके बाद गग्गी ने मोहल्ले में उसे बदनाम करना शुरू कर दिया। इससे परेशान होकर उसने पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी, जिसके बाद थाना टिब्बा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने जांच के बाद पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें विक्रमजीत विक्की उर्फ कावली, राजविंदर कौर राजी, गग्गी, हरमीत सिंह उर्फ काका और बंटी के नाम शामिल हैं। फिलहाल, किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को हिरासत में लिया जाएगा। थाना टिब्बा के अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि महिलाओं की सुरक्षा में कोई समझौता नहीं किया जाएगा और इस तरह की घटनाओं में कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


