भास्कर न्यूज | पटना डीएवी पाण्डवपारा के दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम शानदार रहा। बारहवीं में वाणिज्य और विज्ञान संकाय के सभी 36 छात्र सफल हुए। परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। वाणिज्य संकाय में दिव्यांशु वर्मा ने 88.2 फीसदी अंक, विज्ञान संकाय में सृष्टि कुशवाहा ने 87 फीसदी अंक, आयुष कुमार साहू को 85.2 और आयुषी सिंह को 85 फीसदी अंक मिले। दिव्यांशु वर्मा पटना निवासी कमल किशोर और नीलू वर्मा के पुत्र हैं। वे सीए बनना चाहते हैं। सृष्टि कुशवाहा सोरगा निवासी रविन्द्र कुमार और सरोज कुशवाहा की पुत्री हैं। वह प्रशासनिक अधिकारी बनना चाहती हैं। दसवीं में कुल 62 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। आर्यन सिंह ने 96.4 फीसदी अंक, आयुष कुमार को 92.6 फीसदी अंक, राजरंजन ने 91 फीसदी अंक, कृति अग्रवाल को 88.8, संस्कार दुबे को 87.8 और मानसी पटेल को 87.4 फीसदी अंक मिले। दसवीं के 40 छात्र प्रथम श्रेणी से पास हुए। आर्यन सिंह डीएवी में कार्यरत वरिष्ठ व्याख्याता डॉ. मनोज कुमार सिंह और अर्पणा कुमारी के पुत्र हैं। वे आईआईटी में चयनित होकर प्रशासनिक सेवा में जाना चाहते हैं। छात्रों की सफलता पर प्रभारी प्राचार्य नारायण अग्रवाल ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा, हम बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। शिक्षकों की मेहनत और लगन से बच्चों के सपने पूरे होंगे। विद्यालय प्रबंधन समिति के चेयरमैन बी. एन. झा ने भी सफल छात्रों और उनके अभिभावकों को बधाई दी।


