जमशेदपुर में शादी के महज 16 दिनों बाद ही एक विवाहिता का शव उसके ससुराल में फंदे से लटका मिला। घटना सोनारी थाना क्षेत्र के कागलनगर की है। मृतका के पति का कहना है कि वो फेयरवेल में जाने की बात कह स्विमिंग पूल गई थी। उसके मोबाइल में फोटो दिखा तो पति को पता चला। पति नाराज हो गया और इसकी जानकारी अपने ससुर को दे दी। इसी बात से पत्नी ने आहत होकर सुसाइड कर लिया। जबकि मृतका के भाई का आरोप है कि ये हत्या है। ससुराल पक्ष बहन को दहेज में बाइक नहीं मिलने पर प्रताड़ित कर रहे थे। 29 अप्रैल को शादी हुई थी
मृतका की पहचान रीता महतो के रूप में की गई। रीता का शव गुरुवार की शाम कमरे से बरामद किया गया। गुरुवार को शव का पोस्टमॉर्टम हुआ। रीता की चंदन महतो के साथ 29 अप्रैल को शादी हुई थी। 14 मई को रीता अपने ससुराल लौटी थी
चंदन महतो ने बताया कि दोनों पिछले तीन साल से रिलेशन में थे। परिवार वालों की सहमति के बाद उनकी अरेंज मैरिज कराई गई। शादी के बाद रीता और चंदन हनीमून मनाने दार्जिलिंग गए थे। वहां से लौटने के बाद रीता कुछ दिन अपने मायके में रही। पारिवारिक परंपराओं के तहत 14 मई को रीता अपने ससुराल लौटी थी। फोटो की जानकारी रीता के पिता को दी थी: पति
चंदन महतो ने बताया कि मैंने उसके मोबाइल में उसके स्विमिंग पूल में जाने की कुछ फोटो देखी। जबकि वो उस दिन फेयरवेल पार्टी में जाने की बात कह कर गई थी। इससे चंदन नाराज हो गया और उसने इसकी जानकारी अपने ससुर को दे दी। रीता ने उसे कहा था बात इतना ना बढ़ाओ। इसके बाद चंदन उससे बिना बात किए ही ड्यूटी चला गया। शाम को फोन पर जानकारी मिली कि रीता ने फांसी लगा आत्महत्या कर ली है। शादी के बाद से बाइक की डिमांड कर रहे थे: भाई
इधर, रीता के भाई शंभू महतो ने इस मामले में चंदन महतो और उसके परिवार पर दहेज प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शादी के बाद से हमसे बाइक की मांग की जा रही थी। उन्होंने बाइक की बुकिंग भी कर दी थी, लेकिन इसी दौरान यह दर्दनाक घटना घट गई। शंभू महतो के अनुसार, यह मर्डर ही है।


