लुधियाना लोकसभा क्षेत्र के सांसद और पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने शुक्रवार को जगराओं कोर्ट परिसर का दौरा किया। उन्होंने कोर्ट परिसर में दो मंजिला लिफ्ट के लिए 25 लाख रुपए का टेंडर बार काउंसिल प्रधान को सौंपा। राजा वड़िंग ने कहा कि टेंडर खुलने के 15 दिनों के भीतर काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने पंजाब सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले बड़े-बड़े वादे करने वालों ने पंजाब की स्थिति खराब कर दी है। अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी उन्होंने कहा कि अस्पतालों में मरीज हैं, लेकिन डॉक्टर नहीं हैं। स्कूलों में बच्चे हैं, लेकिन शिक्षक नहीं हैं। सड़कें बनाने के लिए सरकार के पास धन नहीं है। सरकार ने पेंशन 2500 रुपए और महिलाओं को हजार रुपए प्रति माह देने का वादा किया था। राजा वड़िंग ने कहा कि जिस सरकार के पास 1000 रुपए मासिक देने के लिए पैसे नहीं हैं, वह डॉक्टरों और शिक्षकों को नौकरी कैसे दे सकती है। डॉक्टर का वेतन एक लाख रुपए से अधिक और शिक्षक का वेतन 50 हजार रुपए से अधिक होता है। सरकार पर नया स्कूल नहीं बनाने का आरोप उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार एक भी नया स्कूल नहीं बना सकी है। पुराने स्कूलों पर रंग करने से स्कूल नहीं बनते। कच्ची सड़कों को पक्का नहीं किया गया है। सरकार ने मुफ्त सुविधाएं तो दीं, लेकिन आय का कोई प्रबंध नहीं किया। इस कारण पंजाब कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है। सांसद ने किया कई गांवों का दौरा कार्यक्रम के बाद सांसद ने जगराओं क्षेत्र के कई गांवों का दौरा भी किया। इस मौके उनके साथ कौंसिल प्रधान जतिंदरपाल राना, पार्षद रमेश कुमार मेषी, पार्षद जरनैल सिंह लोहट, पार्षद हिमांशू मलिक के अलावा बार कौंसिल प्रधान सतिंद्रपाल सिंह सिदू, फाइनेंस सचिव अमरपाल सिंह, एडवोकेट गुरतेज सिंह गिल, एडवोकेट तरूण मल्होत्रा समेत भारी संख्या में वकील मौजूद थे।


