करौली के सपोटरा क्षेत्र के कसेड ग्राम पंचायत के अरोरा के ग्रामीणों ने सपोटरा विधायक के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने सपोटरा विधायक हंसराज मीणा के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर श्मशान भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण को हटाने की मांग की है। ग्राम पंचायत कसेड सरपंच चरण बाई मीणा सहित सपोटरा विधायक हंसराज मीणा और बड़ी संख्या में आए ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम अरोरा में श्मशान भूमि पूर्व से राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज है, लेकिन कुछ दबंग लोगों द्वारा करीब ढाई बीघा भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है और पक्के निर्माण भी कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि गांव की करीब 500 घर की आबादी है। श्मशान पर अवैध कब्जे के कारण अंतिम संस्कार के लिए बिल्कुल भी भूमि नहीं बची है। ग्रामीणों ने बताया कि हिंदू रीति रिवाज से अंतिम संस्कार करते हैं, लेकिन भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया है। उन्होंने बताया कि पूर्व में करीब 9 वर्ष से श्मशान में एक हैंडपंप और पानी की टंकी भी लगी हुई है। उन्होंने ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई करते हुए श्मशान भूमि को खाली करवाने की मांग की है। ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।


