बिलासपुर में ‘राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नागरिक’ अभियान के तहत 17 मई शनिवार को तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा शाम 4 बजे मिनी स्टेडियम गांधी चौक से शुरू होकर स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल स्मृति आडिटोरियम में समाप्त होगी। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार और जिला शिक्षा अधिकारी अनिल तिवारी को आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि यात्रा गरिमा और अनुशासन के साथ निकाली जाए। यात्रा में पूर्व सैनिक, स्कूली छात्र, एनसीसी, एनएसएस स्काउट, खिलाड़ी और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे। स्कूली छात्र देशभक्ति के नारों वाले बैनर और पोस्टर लेकर चलेंगे। हर ग्राम पंचायत से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। यात्रा में ऑपरेशन सिंदूर के लोगो का होगा प्रदर्शन यात्रा के दौरान ‘राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नागरिक’ का बैनर सबसे आगे रहेगा। ऑपरेशन सिंदूर का लोगो प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। ‘हम सेना के साथ हैं’ और ‘ऑपरेशन सिंदूर के साथ राष्ट्र’ जैसे नारे लगाए जाएंगे। भारतीय सेना, सुरक्षाबल और अर्धसैनिक बलों के योगदान को दर्शाने वाले प्लेकार्ड्स भी यात्रा में शामिल होंगे। देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत होगी यात्रा कलेक्टर ने निर्देश दिए कि यात्रा शांतिपूर्ण, अनुशासित, संगठित और उत्साहजनक होनी चाहिए। देशभक्ति गीतों से सजी धुनें, झंडे और पोस्टर पूरे माहौल को देशभक्ति से ओतप्रोत करेंगे। तिरंगा यात्रा के माध्यम से ऑपरेशन सिंदूर को समर्थन, सेना के प्रति सम्मान और नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाना है। यह आयोजन राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति सम्मान को भी प्रदर्शित करता है। बैठक में जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी ओम पांडे, समग्र शिक्षा से रामेश्वर जायसवाल, एनएसएस राज्य समन्वयक मनोज सिन्हा, स्काउट, एनसीसी प्रभारी, सभी बीईओ, खेल अधिकारी, सभी जोन कमिश्नर सहित खेल संघ के प्रतिनिधि और प्राचार्य उपस्थित थे।


