प्रतापगढ़ जिले के धरियावद अस्पताल में डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के साथ मारपीट कर गला काटने की धमकी देने के मामले में आज डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कार्य बहिष्कार किया। इस दौरान अस्पताल से उपखंड कार्यालय तक मौन जुलूस निकाला गया। निजी डॉक्टर और मेडिकल संचालक भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए। दरअसल धरियावद के अस्पताल में रविवार को आदिल खान नाम का व्यक्ति अपने भाई मुबारिक को लेकर आया था। जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दौरान वहां पर ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर विनोद मीना और नर्सिंग स्टाफ ने मुबारक के स्वास्थ्य जांच की थी। आरोप है कि आदिल खान और उसके साथ आए लोगों ने अस्पताल में हंगामा किया। डॉक्टर विनोद मीणा के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट की।नर्सिंग स्टाफ के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और गला काटने और जान से मारने की धमकी दी। यह बात डॉक्टर ने अपने सहयोगी डॉक्टर्स और उच्च अधिकारियों को बताई तो उन में रोष फैल गया। मामले को लेकर आज धरियावद में डॉक्टर और नर्सिंग कर्मियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए अस्पताल से उपखंड कार्यालय तक मौन जुलूस निकाल कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी करवाई की मांग की और उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद धरियावद थाने में पहुंचकर मामला दर्ज करवाया गया। इस प्रदर्शन में मेडिकल संचालक और निजी डॉक्टर भी शामिल हुए। दूसरी ओर मृतक के परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने समय पर मुबारिक का उपचार नहीं किया। जिससे उसकी मौत हो गई। दूसरी और डॉक्टर का कहना है कि मुबारक की मौत पहले ही हो चुकी थी।


