भोपाल में खेड़ापति कॉरिडोर बनेगा। सोमवार को मंत्री विश्वास सारंग ने छोला स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर कॉरिडोर के रिंग रोड का निरीक्षण किया। उन्होंने कॉरिडोर मार्ग के चौड़ीकरण में आ रही बाधाओं को दूर करने की बात अफसरों से कही। श्री खेड़ापति हनुमान कॉरिडोर के तहत मंदिर परिसर के विस्तारीकरण के रिंग रोड का निर्माण किया जाना है। इसलिए मंत्री सारंग यहां पहुंचे और मार्ग के चौड़ीकरण का प्लान देखा। इस दौरान उन्होंने लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को तत्काल दूर करने को कहा। पेड़ न काटने के दिए निर्देश मंत्री सारंग ने करीब डेढ़ घंटे तक पैदल ही अधिकारियों साथ रिंग रोड सहित कॉरिडोर के मार्ग में आ रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने स्पष्ट निर्देश दिए कि रिंग रोड के चौड़ीकरण के दौरान किसी भी पेड़ को न काटा जाए। उन्होंने कहा- विस्तारीकरण में सभी कार्यों को सभी विभागों के समन्वय के साथ किया जाए। पुलिस स्टेशन निर्माण कार्य का लिया जायजा मंत्री सारंग ने छोला क्षेत्र में निर्माणाधीन पुलिस स्टेशन के स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित समयावधि में और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। मंत्री ने कहा, पुलिस स्टेशन का निर्माण क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करेगा और जनता को शीघ्र न्याय और सुरक्षा प्रदान करने में सहायक होगा। रहवासियों से लिए सुझाव निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और एमपीईबी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के रहवासी भी उपस्थित थे। मंत्री ने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना। उन्होंने रिंग रोड मार्ग में आ रहे अवरोधों को दूर करने, सुलभ सहित अन्य भवनों की शिफ्टिंग के संबंध में रहवासियों से चर्चा की। जिस पर रहवासियों ने अपनी सहमति दी।


