कोरबा जिले के दीपका नगर पालिका क्षेत्र में युवाओं ने गौ सेवा की अनूठी पहल की है। हिंदू संगठनों से जुड़े युवाओं ने गुरुवार को ‘गौ भोज सेवा’ का आयोजन किया। इस कार्यक्रम को नगर के समाजसेवियों और आम नागरिकों का समर्थन मिला। युवाओं ने नगरवासियों से फल, सब्जी और अन्य भोज्य सामग्री एकत्र की। इस भोजन को बुधवारी बाजार गेवरा, बजरंग चौक, आज़ाद चौक और प्रगति नगर कॉलोनी की सड़कों पर घूमने वाले पशुओं को खिलाया। टीम में 50 से अधिक युवा शामिल हैं। ये लोग रोज पशुओं को भोजन कराते हैं। अगर कोई पशु नाली में फंस जाए या किसी मुसीबत में हो, तो उसका रेस्क्यू भी करते हैं। कोई भी सूचना मिलते ही टीम के सदस्य तुरंत मौके पर पहुंच जाते हैं। सेवा से मिलती है आत्मिक संतुष्टि दीपका के समाजसेवी हरमन सिंह, अंकुश साहू और गोविंद साहू ने इस अभियान की अगुवाई की। गोविंद साहू ने बताया कि सड़क हादसों में घायल होने वाले पशुओं का भी टीम इलाज कराती है। युवाओं का कहना है कि इस सेवा से उन्हें आत्मिक संतुष्टि मिलती है। वे इस कार्यक्रम को भविष्य में भी जारी रखेंगे। इस पहल से प्रेरित होकर और लोग भी जुड़ रहे हैं। इससे नगर में गौ सेवा की सकारात्मक परंपरा विकसित हो रही है।


