फाजिल्का जिले में अबोहर के व्यापारी की शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार बस की टक्कर से मौत हो गई। पेड़ीवाल एंड संस के संचालक सुनील पेड़ीवाल सीडफार्म रोड स्थित अपनी फैक्ट्री से बाइक पर लौट रहे थे। मलोट से अबोहर की ओर आ रही निजी बस ने उन्हें टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार हादसे में व्यापारी के सिर पर गंभीर चोट आई। एम्बुलेंस से उन्हें अबोहर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें श्रीगंगानगर रेफर कर दिया। श्रीगंगानगर पहुंचते ही उनकी मौत हो गई। बस चालक को बस स्टैंड पर पकड़ा सूत्रों के अनुसार, बस 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चल रही थी। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय युवकों ने पीछा कर बस चालक को बस स्टैंड पर पकड़ लिया। चालक को सिटी वन पुलिस के हवाले कर दिया गया। पकड़े जाने पर भी चालक ने युवकों के साथ दुर्व्यवहार किया। इस घटना से अबोहर के व्यापारियों में शोक की लहर है।


