कोडरमा के जयनगर में केटीपीएस में 1600 मेगावाट बिजली उत्पादन का निर्माण कार्य चल रहा है। प्लांट में बालू सप्लाई को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ। बरही विधायक मनोज यादव और बरकट्ठा विधायक अमित यादव के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। घटना रात में हुई, जब बरही विधायक मनोज यादव केटीपीएस प्लांट पहुंचे। उनके समर्थकों द्वारा बालू सप्लाई की बात पर स्थानीय लोगों ने विरोध किया। इस दौरान बरकट्ठा विधायक अमित यादव भी मौके पर आ गए। बरही विधायक की गाड़ी का टूटा शीशा दोनों पक्षों के बीच बहस के बाद लाठीबाजी और पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस दौरान बरही विधायक की गाड़ी का शीशा भी टूट गया। सूचना मिलते ही मुख्यालय डीएसपी रतिभान सिंह, जयनगर थाना प्रभारी बबलू सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। दोनों पक्षों ने पुलिस को दिया आवेदन पुलिस के पहुंचते ही दोनों पक्षों के लोग वहां से भाग गए। सुबह एक पक्ष के बलराम राणा ने दूसरे पक्ष के 6 लोगों के खिलाफ नामजद और 40-50 अज्ञात लोगों पर जयनगर थाने में मामला दर्ज कराया है। इधर, दूसरे पक्ष के अरुण यादव ने भी जयनगर थाना में 4-5 लोगों पर 50 हजार रुपए रंगदारी मांगने सहित अन्य आरोप लगाते हुए आवेदन दिया है। फिलहाल पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। यहां प्राथमिकता स्थानीय व विस्थापितों को दी जाएगी: अमित यादव इधर, शनिवार दोपहर बरकट्ठा विधायक अमित यादव ने केटीपीएस के पास अपने कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि प्लांट के अंदर चाहे मजदूरी हो या मटेरियल सप्लाई की बात हो, प्राथमिकता स्थानीय व विस्थापितों को दी जाएगी। वहीं, बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए अमित यादव ने कड़े तेवर में दूसरे पक्ष के लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि इस प्लांट में पहला हक विस्थापितों का है। कोई भी बाहरी यहां आकर अपना वर्चस्व कायम करने का काम न करे। तालिबानी कानून नहीं चलने देंगे: मनोज यादव
वहीं, घटना को लेकर बरही के विधायक मनोज यादव ने कहा कि केटीपीएस में सिर्फ वहां के आसपास के विस्थापितों की ही जमीन नहीं गई है बल्कि बरही के विस्थापितों की भी जमीन गई है। इसलिए वहां बरही के लोगों का भी उतना ही अधिकार है, जितना कि वहां के स्थानीय लोगों का। उन्होंने कहा कि यह भारत है, यहां तालिबानी हुकूमत नहीं चलने देंगें। कानून विधानसभा और लोकसभा में बनती है। ऐसे गांव में बैठक कर कानून पारित नहीं किया जाता है। मामला दर्ज कर लिया गया है, स्थिति सामान्य घटना के बाद से ही उक्त स्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आवेदन प्राप्त हुआ है। मामला दर्ज कर लिया गया है, आगे की कार्रवाई की जा रही है। -रतिभान सिंह, मुख्यालय डीएसपी


