जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के मामले में करमाटाड़ थाना क्षेत्र के ग्राम बरमसिया में छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों में सुहेल अंसारी (21), भुदेव मंडल उर्फ माईकल (24), इकरामुल अंसारी (27) और रमजान अंसारी (32) शामिल हैं। आरोपियों से 8 मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। मोबाइल स्क्रीन हैक कर ई-वॉलेट से पैसे निकाल लेते थे पुलिस के अनुसार, ये अपराधी आधार कार्ड अपडेट के बहाने लोगों को व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजते थे। फाइल इंस्टॉल होने के बाद पीड़ितों का मोबाइल स्क्रीन हैक कर ई-वॉलेट से पैसे निकाल लेते थे। जामताड़ा साइबर अपराध थाने में इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सुहेल अंसारी और भुदेव मंडल का पहले भी साइबर अपराध में आरोपी रहने का इतिहास है। पुलिस के मुताबिक इन अपराधियों का कार्यक्षेत्र पश्चिम बंगाल, बिहार और ओडिशा में था। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।


