अभिषेक पांडेय | मेदिनीनगर पलामू में भीषण गर्मी पड़ रही है। पारा 44 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। घर से बाहर निकलने पर लोग ठंडे पानी की तलाश करते हैं। लेकिन जिले के थानों में आने वाले आम लोगों के लिए लगाए गए वाटर कूलर भीषण गर्मी में बंद हैं। शहर थाना, रेहला, विश्रामपुर और चैनपुर में वाटर कूलर बंद है। इसे चालू कराने पर किसी का ध्यान नहीं है। खराब वाटर कूलर की मरम्मत लंबे समय से नहीं कराई गई है। इससे थाना आने वाले लोगों को पीने का ठंडा पानी नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में लोग पानी के इधर-उधर भटक रहे हैं या बोतल बंद पानी खरीद कर पी रहे हैं। प्रमंडलीय मुख्यालय में शहर थाना में फरियादियों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण पानी के लिए वाटर कूलर लगाया गया था। लेकिन देखरेख के अभाव में यह बेकार पड़ा है। शहर थाना परिसर में मारवाड़ी युवा मंच ने भी शीतल जल पनशाला लगाई है, मगर यह भी इन दिनों काम नहीं कर रहा है। इससे भी गर्म पानी ही मुहैया हो रहा है। जबकि शहर थाना कैंपस में महिला थाना भी है। यहां प्रतिदिन दर्जनों फरियादी आते हैं। महिला थाना में लोग छोटे बच्चों के साथ भी आते हैं। लोगों को घंटों थाना में रुकना पड़ता है। ऐसे में यहां ठंडे पानी की सुविधा नहीं होने से लोग परेशान होते हैं।


