भास्कर न्यूज |लुधियाना राहों रोड पर एक अहाते में शराब पीते समय मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। गिलास गिरने की बात पर पांच युवकों ने मिलकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। पीड़ित को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने पांचों आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है। घटना 11 मई की रात गहिलेवाल मोड़ पर हुई। घायल की पहचान भीषम ढल निवासी गुरु नानक नगर, 33 फुटा रोड के रूप में हुई है। भीषम का कहना है कि वह अपने साथी के साथ ठेके से शराब लेकर अहाते में कुछ खाने गया था। लौटते समय उसका पैर टेबल से टकरा गया, जिससे उस पर रखा गिलास गिर गया। इसी बात पर वहां बैठे कुछ युवकों से बहस हो गई। भीषम ने माफी भी मांगी और वहां से निकल गया। लेकिन थोड़ी देर बाद उनमें से एक युवक अपने साथियों को लेकर आ गया और सभी ने बेसबॉल बैट और डंडों से उसकी पिटाई कर दी। शोर सुनकर लोग इकट्ठा हुए और भीषम को अस्पताल पहुंचाया गया। जोधेवाल थाना पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्रिंस मेहता, रवि, राज, अलिस और एक अन्य युवक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


