लुधियाना| लुधियाना-चंडीगढ़ रोड पर शनिवार को एक तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना जोरदार था कि कार के सभी एयरबैग खुल गए और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह टूट गया। जानकारी के मुताबिक, कार समराला चौक की तरफ जा रही थी। तभी तेज रफ्तार के कारण वह सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। ट्रक अपनी लेन में खड़ा था, लेकिन कार अनियंत्रित होकर सीधी उसमें जा टकराई। हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी टांगों पर गहरी चोटें आई हैं। कार ड्राइवर ने समय रहते खुद को बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई। सूचना मिलते ही थाना मोती नगर की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना मोती नगर के एएसआई विजय कुमार ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


